दुबई एक्सपो की शुरुआत: छह महीने तक चलेगा आयोजन, शुक्रवार को होगा भारतीय पवेलियन का उद्घाटन; अकेले दुबई को 1.3 लाख करोड़ के राजस्व की उम्मीद

0

दुबई: कोरोनाकाल में धरती के सबसे बड़े आयोजन के लिए दुबई तैयार है। 6 महीने तक चलने वाले दुबई एक्सपो की शुरुआत गुरुवार शाम दुनिया के सबसे महान सितारों की प्रस्तुति के साथ शुरू होगी। इस भव्य समारोह का यूएई में 430 जगहों पर लाइव प्रसारण किया जाएगा। हालांकि शुभारंभ समारोह के कार्यक्रम को गोपनीय रखा गया है। एयरपोर्ट्स, शॉपिंग मॉल, होटल से लेकर अन्य जगहों पर बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। दुबई की कई प्रमुख साइट्स पर भव्य आतिशबाजी का नजारा दिखेगा।

एक्सपो के दौरान 192 देशों के बीच होने वाले करार वैश्विक अर्थव्यवस्था की नींव भी रखेंगे। अकेले दुबई को 1.3 लाख करोड़ के राजस्व की उम्मीद है। एक्सपो को शक्ल देने में भारतीयों के योगदान की बात करें तो पहला नाम एआर रहमान का आता है। रहमान ‘फिरदौस- महिला ऑर्केस्ट्रा’ के लिए एक्सपो को संगीत दे रहे है। एक्सपो के 6 माह के दौरान अभिनेत्री सोनम कपूर और श्रद्धा कपूर भी परफॉर्म करेंगी।

भारत में निवेश के अपार अवसर: अनिल अग्रवाल

भारतीय पवेलियन का उद्घाटन शुक्रवार को होगा। वेदांता के संस्थापक अनिल अग्रवाल बताते हैं कि दुनिया को हमारा संदेश होगा कि भारत में निवेश के अपार अवसर हैं। अगले 25 वर्ष भारत ग्लोबल इकोनॉमी का इंजन होगा। जबरदस्त मानव संसाधन हमारी ताकत है।

  • 2.5 करोड़ मेहमानों के छह महीने में पहुंचने की उम्मीद है। इनमें 1.7 करोड़ विदेशी होंगे।
  • 1.2 लाख करोड़ इंफ्रास्ट्रक्चर में खर्च हुए। इसके तहत रोड, ब्रिज, मेट्रो, होटल बनाए गए हैं।
  • 80% इंफ्रास्ट्रक्चर बाद में भी उपयोग में आएगा। इसे ‘जिला 2020’ नाम दिया गया है।
  • 40 हजार वर्कर्स साइट पर रहेंगे। एक्सपो से 13 लाख प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार पैदा हुए हैं।