Wednesday, January 14, 2026
Latest:
उत्तराखंड

प्रधानमंत्री मोदी से विकसित भारत कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़े उत्तराखंड के ग्रामीण

देहरादूनः विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर की कई ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से आनॅलाइन जुड़ कर संवाद किया। इसमें उत्तराखंड के देहरादून जिले की दो ग्राम पंचायतें डोईवाला ब्लॉक की जीवनवाला और रायपुर ब्लॉक की थानौ भी वर्चुअल रूप से प्रधानमंत्री से जुड़ी।

स्थानीय स्तर पर केंद्रीय राज्य मंत्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने ग्राम पंचायत जीवनवाला, जबकि डोईवाला के विधायक बृज भूषण गैरोला ने ग्राम पंचायत थानौ में इस कार्यक्रम में भाग किया। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री का देशभर के योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद सुना। साथ ही ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री का उद्बोधन भी सुना। कार्यक्रम के बाद ग्राम पंचायत जीवनवाला और थानौ के ग्रामीणों ने भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की भी शपथ ली।

जीवनवाला में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वर्मा ने कहा कि जो लोग किन्हीं कारण इन योजनाओं से वंचित रह गए हैं, उन्हें इस यात्रा के दौरान योजनाओं से जोड़कर उसका लाभ दिया जाएगा। उन्होंने विश्वकर्मा, उज्ज्वला , आयुष्मान जैसी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि ये तमाम योजनाएं आज हर तबके का जीवन बदल रही हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उघम मंत्रालय कई क्षेत्रों में ऋण की सुविधा उपलब्ध करवाता है, जिसका लाभ लेकर लोग अपनी आर्थिकी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने इस दौरान लोगों से खादी खरीदने की भी अपील की।

ग्राम पंचायत थानौ में प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद क्षेत्रीय विधायक गैरोला ने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई गाथा लिख रहा है। इस दौरान कई ऐतिहासिक कार्य उनके नेतृत्व में हुए हैं, जिसका आज देश की जनता लाभ उठा रही है। उन्होंने कहा कि आज योजनाएं देश के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति और हर तबके को ध्यान में रख कर बनाई जा रही हैं, ताकि देश में कोई भी उन योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं, किसानों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

गैरोला ने नेशनल रूरल लाइवलीहुड मिशन (एमआरएलएम) की रीप परियोजना के तहज 14 महिला लाभार्थिर्यों को 35-35 हजार के चेक वितरित किए। इस अवसर पर, दोनों ग्राम पंचायतों में कृषि को उन्नत तरीके से करने के उद्देश्य से किसानों को ड्रोन डैमो के माध्यम से दिखाया गया कि कैसे इस यंत्र से कम समय में ज्यादा फसल पर खाद का छिड़काव किया जा सकता है। ग्रामीणों ने इस दौरान कृषि संबंधित कई जानकारी भी लीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *